आज नवरात्र के अवसर पर हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार नव वर्ष का शुभारंभ हो रहा है संवत 2081. अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार साल की शुरुआत 1 जनवरी से होती है लेकिन हिंदू मान्यताओं के अनुसार नया साल चैत्र मास के नवरात्र के साथ शुरू होता है। इस दिन ब्रह्मा ने सृष्टि की रचना की शुरुआत की थी। इस दिन लोग देवी पूजन तथा गणेश पूजन के साथ नवरात्र की शुरुआत करते हैं। हिंदू धर्म में मान्यताओं के अनुसार कई लोग नवरात्र में व्रत भी रखते हैं। इसके अलावा मंत्र सिद्धि के लिए भी यह समय महत्वपूर्ण माना जाता है। देवी के मंदिरों को इस दिन खूब सजाया जाता है। हिमाचल प्रदेश में देवी के मंदिरों ज्वाला जी, चिंतपूर्णी, चामुंडा, ब्रजेश्वरी देवी, बगलामुखी, नैना देवी तथा जम्मू कश्मीर में माता वैष्णो देवी के मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगती है। कलश स्थापना के साथ देवी का पूजन शुरू होता है तथा नौ दिनों तक लोग हर दिन अलग-अलग देवियों की पूजा करते हैं।