प्रेमकुमार धूमल को हराने वाले राजेंद्र राणा का अनुराग ठाकुर ने पटका पहनाकर किया भाजपा में स्वागत

दिल्ली . प्रदेश की राजनीति में आज हुए घटनाक्रम ने यह साबित कर दिया है कि राजनीति में सब कुछ संभव है। आज प्रदेश की जनता ने फोटो और वीडियो के माध्यम से प्रदेश की राजनीति में भी यह देख लिया। भाजपा के दिल्ली मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सुजानपुर के पूर्व कांग्रेसी विधायक राजेंद्र राणा को पटका पहनाया और भाजपा में स्वागत किया। यह वहीं राजेंद्र राणा हैं, जिन्होंने 2017 के विधानसभा चुनावों भाजपा प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को हराया था और राजेंद्र राणा कांग्रेस प्रत्याशी के रुप में जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। प्रेम कुमार धूमल 2017 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के मुख्यमंत्री पद के घोषित चेहरे थे, लेकिन सुजानपुर में राजेंद्र राणा से हारने के कारण मुख्यमंत्री नहीं बन सके।

दिल्ली में आज पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के पुत्र और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा का पटका पहना कर भाजपा में स्वागत किया और गले लगाया। अब तय है कि जब राजेंद्र राणा भाजपा के हो गए हैं तो आगामी विधानसभा के उपचुनावों में सुजानपुर के पूरे भाजपा कार्यकर्ताओं को राणा को जिताने के लिए काम भी करना पड़ेगा और राजेंद्र राणा जिंदाबाद के नारे भी लगाने होंगे। यह तो तय ही है कि विधानसभा के उपचुनावों में राजेंद्र राणा ही भाजपा के उम्मीदवार होंगे। हालांकि अभी भाजपा ने टिकट की घोषणा नहीं की है। अब सवाल यह है कि कल तक हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में भाजपा का प्रचार करने वाले प्रेम कुमार धूमल कब राजेंद्र राणा को जिताने के लिए प्रचार करते हैं। राजेंद्र राणा को भाजपा में शामिल करने के पहले पूर्व मुख्यमंत्री धूमल और अनुराग ठाकुर के साथ पार्टी ने सलाह ली या नहीं, यह तो वही जाने लेकिन मंच पर अनुराग ठाकुर ने राणा का स्वागत किया तो तय है कि अनुराग ठाकुर ने अपनी सहमति दे दी है। पार्टी का निर्णय रहा होगा तो अनुराग ठाकुर को मानना ही पड़ेगा। पार्टी लाइन से हटकर वह जा भी नहीं सकते। लेकिन अब सुजानपुर के पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए उलझन जरुर होगी कि वह क्या करें। राजेन्द्र राणा सुजानपुर में आज़ाद भी चुनाव जीते थे। कांग्रेस से भी विधायक बने। भाजपा राज में मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के मीडिया सलाहकार भी रहे।अब भाजपा में शामिल हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here