देहरा के पूर्व विधायक पर सरकारी धन के दुरुपयोग, धोखाधड़ी के मामले के बाद कांगड़ा जिला के एक और वरिष्ठ भाजपा विधायक पर प्रदेश सरकार ने शिकंजा कस दिया है। पूर्व कांग्रेस सरकार में भी अहम ओहदों पर रह चुके मौजूदा भाजपा विधायक पर आय से अधिक संपत्ति मामले में केस दर्ज किया गया है। विधायक पर करोड़ों रुपये की संपत्ति जुटाने का आरोप है। विभिन्नि एजेंसियों से विधायक के आलीशान मकान और अन्य संपत्तियों की असेसमेंट करवाने के बाद विजिलेंस ने धर्मशाला थाने में प्राथमिकी (6/26) दर्ज की है।
आरोप है कि भाजपा विधायक ने आय के अधिक संपत्ति अर्जित की है। जांच एजेंसियां विधायक की आय के स्रोत, संपत्तियों के मूल्यांकन, बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय लेन-देन का रिकॉर्ड भी खंगाल रही हैं। सूत्र बताते हैं कि विभिन्न एजेंसियों से विधायक की परिसंपत्तियों का पता लगाने के बाद लोक निर्माण विभाग ने भी मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार की है। विजिलेंस ब्यूरो ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिस विधायक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, उनकी सुक्खू सरकार के साथ विभिन्न मुद्दों पर लगातार टकराव की स्थिति रही है। ऐसे में इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। हालांकि, जांच एजेंसियों का कहना है कि पूरी कार्रवाई उपलब्ध दस्तावेजों एवं तथ्यों के आधार पर की जा रही है।
उच्च पदस्स्थ सूत्रों के अनुसार विजिलेंस ब्यूरो प्राथमिकी दर्ज करने के बाद अब विधायक की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज जुटाने की तैयारी कर रही है। हालांकि, इस मामले में विजिलेंस का कोई अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है।
