कैप्टन अमरिंदर सिंह के सबसे करीबी ब्रह्म मोहिंद्रा ने ली सबसे पहले शपथ, विरोध के बीच राणा गुरजीत सिंह बने मंत्री
चंडीगढ़। पंजाब की नई कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में आयोजित हुआ। राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बेहद करीबी ब्रह्म मोहिंद्रा ने मंत्री पद की शपथ ली। बता दें कि मोहिंद्रा को पंजाब का डिप्टी सीएम बनाने की चर्चा जोरों पर थीं लेकिन ऐन वक्त पर कांग्रेस हाईकमान ने उनका नाम हटा दिया था। उनके स्थान पर ओपी सोनी को पंजाब का डिप्टी सीएम बनाया गया था। ब्रह्म मोहिंद्रा के बाद मनप्रीत बादल ने शपथ ली। बादल के बाद तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। कैप्टन के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले मंत्रियों की सूची में तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा का भी नाम शामिल था। उसके बाद अन्य मंत्रियों ने शपथ ली।
बता दें कि शपथ ग्रहण से ठीक पहले मंत्रियों की सूची में बड़ा फेरबदल किया गया। फतेहगढ़ साहिब से विधायक कुलजीत सिंह नागरा की जगह अमलोह से विधायक काका रणदीप का नाम शामिल किया गया है। फतेहगढ़ साहिब से विधायक कुलजीत सिंह नागरा ने कहा कि मैंने कृषि कानूनों के विरोध में इस्तीफा दे दिया था। मैंने राज्य मंत्रिमंडल में शामिल होने से मना कर दिया था। वहीं, छह विधायकों के विरोध के बीच आखिरकार राणा गुरजीत सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली। दोपहर में दोआबा के छह विधायकों ने नवजोत सिंह सिद्धू को संयुक्त पत्र लिख कर राणा गुरजीत सिंह को मंत्री नहीं बनाने की मांग की। उनकी जगह पर अनुसूचित जाति के चेहरों को कैबिनेट में शामिल करने की अपील की गई थी। हालांकि कांग्रेस हाईकमान ने विधायकों की मांग को दरकिनार करते हुए राणा गुरजीत सिंह मंत्री पद की शपथ दिला दी।
👉 नए मंत्रियों को मिलेंगी नई इनोवा गाड़ियां
चन्नी मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों के लिए जहां सरकारी बंगलों के अलॉटमेंट की तैयारी शुरू हो गई है, वहीं राज्य सरकार ने सभी मंत्रियों को नई इनोवा गाड़ियां देने का फैसला किया है। पता चला है कि सरकार ने इस मद में सवा चार करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। यानी शपथ ग्रहण के बाद अगले हफ्ते सभी मंत्री नई गाड़ियों में नजर आएं तो हैरान होने की जरूरत नहीं है।
👉 इन मंत्रियों को फिर मिला मौका
चरणजीत सिंह चन्नी: मुख्यमंत्री
सुखजिंदर सिंह रंधावा: उपमुख्यमंत्री
ओपी सोनी: उपमुख्यमंत्री
– ब्रह्म मोहिंदरा, मनप्रीत सिंह बादल, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, विजय इंदर सिंगला, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, रजिया सुल्ताना, भारत भूषण आशु, अरुणा चौधरी को चन्नी मंत्रिमंडल में एक बार फिर जगह मिली है।
👉चन्नी मंत्रिमंडल में नए चेहरे
– डॉ. राजकुमार वेरका, संगत सिंह गिलजियां, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, परगट सिंह, काका रणदीप, गुरकीरत सिंह कोटली, राणा गुरजीत सिंह मंत्रिमंडल में शामिल किए गए हैं।
👉 इन मंत्रियों को छुट्टी
कैप्टन मंत्रिमंडल में शामिल रहे बलबीर सिद्धू, राणा गुरमीत सोढी, गुरप्रीत सिंह कांगड़, साधु सिंह धर्मसोत और सुंदर शाम अरोड़ा को चन्नी मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया गया है।