गृह मंत्री अमित शाह और कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच 45 मिनट बातचीत
– दोनों नेताओं के बीच कृषि कानूनों को लेकर जारी प्रदर्शन पर बात हुई: अमरिंदर सिंह के मीडिया सलाहकार
– अमरिंदर सिंह यदि भाजपा में शामिल होते हैं तो केंद्र सौंपेगा उन्हें केंद्रीय कृषि मंत्रालय: भाजपा सूत्र
दिल्ली। सतीश शर्मा।
👉 कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व द्वारा नवजोत सिंह सिद्धू का इस्तीफा नामंजूर करने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर पहुंचे। पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस छोड़ने की अटकलें जारी हैं। इस बीच अमरिंदर बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह से मिलने के लिए उनके घर पहुंचे। दोनों के बीच करीब 45 मिनट तक बातचीत हुई। माना जा रहा है कि शाह ने अमरिंदर से भाजपा में शामिल होने पर चर्चा की।
अमरिंदर सिंह के मीडिया सलाहकार ने बताया कि पूर्व सीएम ने अमित शाह से मिलकर किसानों से जुड़े मुद्दे पर बात की। उन्होंने कहा, “दोनों नेताओं के बीच कृषि कानूनों को लेकर जारी प्रदर्शन पर बात हुई। कैप्टन ने शाह से जल्द से जल्द इन कानूनों को वापस लेकर एमएसपी लागू करने की मांग उठाई। इसके अलावा पंजाब में अलग-अलग फसल उगाने पर जोर देने की भी अपील की।
वहीं, भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार पंजाब में विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए यदि अमरिंदर सिंह भाजपा में शामिल होते हैं तो भाजपा अमरिंदर सिंह को केंद्रीय कृषि मंत्रालय सौंप सकती है। इसके बाद पंजाब के पूर्व सीएम या तो कृषि कानूनों को लेकर किसानों की समस्या को सुलझाने के लिए आगे आ सकते हैं या कृषि संगठनों से बातचीत करने का जिम्मा लेकर राज्य में एक बार फिर भाजपा को चुनावी दौड़ में ला सकते हैं। अपनी इस पहल के जरिए कैप्टन पंजाब में भाजपा का चेहरा भी बन सकते हैं।