कैप्टन संजय कालेश्वर महादेव में मनाएंगे देव दीपावली का त्योहार
डाडासीबा-
कैप्टन संजय पराशर वीरवार शाम को ब्यास नदी के तट पर स्थित ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल कालेश्वर महादेव में देव दीपावली का त्योहार मनाएंगे। इस अवसर पर पराशर और आसपास के गांवों के वासी दीप जलाकर देवताओं व भगवान से दुनिया की सुख-स्मृद्धि की भी कामना करेंगे। देव दीपावली का त्योहार कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। माना जाता है कि इस दिन देवता स्वर्ग से उतर कर गंगा नदी के घाटों पर दीपावली मनाते हैं। इस साल देव दीपावली का आयोजन 18 नवबंर को है । पौराणिक कथा के अनुसार इस दिन भगवान शिव से त्रिपुरासुर का वध किया था, इसलिए इसे त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहते हैं। इसी उपलक्ष्य में देवताओं द्वारा दीपावली मनाई जाती है। इसके अलावा मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर ही भगवान विष्णु ने मत्स्यावतार भी लिया था। इसी दिन सिख गुरु नानक देव जी का जन्म भी हुआ था। इस दिन को नानक पूर्णिमा के नाम से भी जानते हैं। संजय पराशर ने बताया कि कालेश्वर महादेव पावन धार्मिक स्थल है और हिमाचल प्रदेश के हरिद्वार के नाम से विख्यात है। वहीं, देव दीपावली के दिन का
सनातन धर्म में बहुत महत्व है। वह इस पवित्र स्थल पर इस अवसर पर परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना करेंगे कि कोरोना की विपदा का अंत हो और भारत सहित समस्त जगत इस नकारात्मक वातावरण से जल्द ही उबर कर बाहर आए।