अनुराग ठाकुर की जन आशीर्वाद यात्रा की सफल लैंडिंग की पुख्ता जमीन इस तरह तैयार की सीएम जयराम ठाकुर ने

  1. बिलासपुर/राजीव कश्यप
    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की जन आशीर्वाद यात्रा की सफल लैंडिंग की पुख्ता जमीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने तैयार की है। इसके लिए जयराम सरकार ने अपने सभी मंत्री-विधायकों की पूरी ताकत झोंक दी है। इतना ही नहीं प्रदेश की अफसरशाही और प्रशासनिक अमले को भी केंद्रीय मंत्री की यात्रा में कदमताल के लिए निर्देशित किया गया है।
    हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की यह सकारात्मक सोच ही उनकी सबसे बड़ी खूबी और ताकत भी है। असल में मुख्यमंत्री ने अनुराग ठाकुर की आशीर्वाद यात्रा को सफल बनाकर अपने सियासी विरोधियों को भी चारों खाने चित कर दिया है। अनुराग ठाकुर को आशीर्वाद देने के लिए अपार भीड़ जुटाकर सीएम ने भाजपा की एकजुटता और टीम वर्क का भी संदेश दिया है।

जयराम ठाकुर की बड़े दिल वाली इस सोच के मुरीद हुए अनुराग ठाकुर ने भी पीटरहाफ में मुख्यमंत्री की तारीफ में जमकर कसीदे पढ़े। जाहिर है कि अनुराग ठाकुर की भीड़ में धूमल परिवार का प्रभाव भी आशीर्वाद यात्रा के रथ पर साफ चमक रहा है। लेकिन यह भी सच है कि इस जन सैलाब के पीछे जयराम सरकार ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। चंडीगढ़ स्थित हिमाचल भवन से लेकर सीएम के गृ़ह जिला मंडी तक कदमताल कर रहे मंत्री-विधायकों और अफसरशाही की उपस्थिति ने अनुराग ठाकुर की आशीर्वाद यात्रा को चार चांद लगा दिए हैं।
दीगर है कि जयराम ठाकुर की यही उदारता व खुले दिल की सोच दिवंगत नेता वीरभद्र सिंह की अंतिम शव यात्रा में भी दिखाई दी थी। इतना ही नहीं सीएम ने बदले की भावना और विरोधियों को फंसाने वाली सियासत को भी हवन कुंड में स्वाह कर दिया है। इसके चलते पहली बार किसी सरकार में राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ दुर्भावना से आपराधिक मामले दर्ज नहीं हुए। इस नई सोच के चलते सियासी पाटों पर तलवारें लेकर खड़ी रहने वाली अफसरशाही को भी इस बार भाजपा-कांग्रेस के तराजू में नहीं तोला गया। वरना, सत्ता परिवर्तन के बाद अफसरशाही के धड़े बारी-बारी सियासी सूली पर चढ़ते रहे हैं।

 

वीरभद्र और धूमल सरकारों में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम और शांता कुमार के प्रदेश में हुए अभिनंदन समारोह और अनुराग ठाकुर की मौजूदा आशीर्वाद यात्रा के अंतर का सियासी पंडित बखूबी विश्लेषण कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को सर-आंखों पर बिठाकर मुख्यमंत्री ने उपचुनावों के साथ विधानसभा के आम चुनावों के लिए भी ताकत जुटाई है। इसके अलावा अहम के बहम को त्याग कर विरोधियों को भी बड़ा दिल रखने का कड़ा संदेश दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here